जमशेदपुर। परसुडीह अंतर्गत करनडीह फाटक स्थित लाइन टोला के निवासियों को पिछले कई महीनों से नारकीय स्थिति से जूझना पड़ रहा था। नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा था, जिससे न केवल आवागमन बाधित था, बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था। स्थानीय लोगों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला परिषद सदस्य श्रीमती पूर्णिमा मलिक ने सराहनीय पहल की है।
निजी खर्च से कराई सफाई
बरसात के कारण स्थिति और भी बदतर हो गई थी और पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी। प्रशासन के इंतजार के बजाय पूर्णिमा मलिक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने निजी खर्च से जाम नाली की सफाई करवाई। सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद अब नाली का पानी सुचारू रूप से बहने लगा है और सड़क पर जलजमाव की समस्या खत्म हो गई है।
जनसेवा ही प्राथमिकता
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक ने कहा “जनता की समस्याओं का समाधान करना मेरी पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास और स्वच्छता के लिए मैं हमेशा प्रतिबद्ध रहूँगी और जनहित के मुद्दों पर कार्य जारी रहेगा।”वहीं, ‘सेवा ही लक्ष्य’ के अध्यक्ष मानिक मलिक ने कहा कि आम लोगों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान करना ही उनका संकल्प है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी जनता के हित में सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
महीनों पुरानी इस समस्या के समाधान होने पर लाइन टोला के निवासियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों ने पूर्णिमा मलिक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से क्षेत्र में स्वच्छता बहाल हुई है और आवागमन सुलभ हो गया है।
