जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय में मंईयां सम्मान योजना सत्यापन को लेकर हंगामा, महिलाओं ने जताया आक्रोश

जमशेदपुर: मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन को लेकर इन दिनों जमशेदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में भारी भीड़ उमड़ रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच दूर-दराज से पहुंच रही महिलाओं को सत्यापन प्रक्रिया के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं को जानकारी मिली कि सत्यापन कार्य नहीं किया जा रहा है।इस सूचना के बाद महिलाओं में नाराजगी फैल गई और उन्होंने कार्यालय परिसर में विरोध जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में महिलाओं को कार्यालय परिसर से बाहर किया गया और मुख्य गेट बंद कर दिया गया।

राशि बंद होने से बढ़ी परेशानी

महिलाओं का कहना है कि पहले उन्हें मंईयां सम्मान योजना की राशि नियमित रूप से मिल रही थी, लेकिन सत्यापन प्रक्रिया शुरू होने के बाद भुगतान बंद हो गया है। इसी कारण वे मजबूरी में तेज धूप और उमस भरे मौसम में प्रखंड कार्यालय पहुंच रही हैं।महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब सत्यापन की प्रक्रिया नहीं की जानी थी, तो उन्हें बार-बार सत्यापन कराने के लिए क्यों बुलाया गया। उनका कहना है कि इससे केवल महिलाओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।

व्यवस्थाओं की कमी पर उठे सवाल

मौके पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कमी भी साफ दिखाई दी। बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने के बावजूद न तो पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराई गई और न ही भीड़ प्रबंधन के उचित इंतजाम नजर आए।

विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

आजसू नेता कीर्तिवास मंडल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को सम्मान और सुविधा देने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज उन्हें सत्यापन के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ हो रही इस परेशानी का वे विरोध करते हैं।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सत्यापन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाए, ताकि महिलाओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

More From Author

साहू समाज का बड़ा फैसला: वित्तीय अनियमितता के दोषी राकेश साहू समाज से ‘आजीवन निष्कासित’, द्वारिका प्रसाद बने नए अध्यक्ष