जमशेदपुर: शहर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित झबरी बस्ती में आपसी विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। छोटे भाई की पिटाई से बड़े भाई की मौत हो गई। घटना 31 मई की देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान सनातन हेमब्रम (45) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सनातन हेमब्रम और उसके छोटे भाई दुखु हेमब्रम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों भाइयों के बीच मारपीट शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि शारीरिक रूप से कमजोर सनातन को उसके छोटे भाई ने मुक्कों से पीटा और उठाकर जमीन पर पटक दिया। मारपीट के दौरान सनातन के जबड़े और सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
रातभर दर्द से कराहता रहा सनातन
घटना के बाद दोनों भाई अपने-अपने घर में जाकर सो गए। सोमवार सुबह सनातन दर्द से कराह रहा था, लेकिन उसे इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया। न ही घटना की सूचना किसी को दी गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, सनातन अविवाहित था और अकेले रहता था। वहीं, उसका छोटा भाई दुखु हेमब्रम रोज की तरह काम पर चला गया।
शाम को मिली मौत की जानकारी
जब दुखु शाम को काम से वापस लौटा, तो उसने देखा कि सनातन की मौत हो चुकी है। इसके बाद मामले की सूचना सोनारी थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने आरोपी भाई को भेजा जेल
मृतक के मंझले भाई प्रहलाद हेमब्रम के आवेदन पर सोनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुखु हेमब्रम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
