जुगसलाई फायरिंग कांड का खुलासा: 5 अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, पुराने विवाद में जनरल स्टोर पर बरसाई थीं गोलियां

जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर महतो पाड़ा रोड स्थित ‘इम्तियाज जनरल स्टोर’ में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल 5 आरोपियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

सिटी एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि 31 मई को हुई इस वारदात के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर पांचों अभियुक्तों को धर दबोचा।

गिरफ्तारी के साथ क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने अपराधियों के पास से हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं जिसमें 01 पिस्तौल जिंदा गोलियां और घटना में प्रयुक्त कुछ अन्य साक्ष्य भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

रंगदारी नहीं, ‘पुराना विवाद’ बनी वजह

शुरुआती जांच में यह कयास लगाए जा रहे थे कि यह हमला रंगदारी के लिए किया गया है, लेकिन सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में रंगदारी की बात सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार वारदात के पीछे पुराना आपसी विवाद होने की प्रबल संभावना है।आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से दुकान में तोड़फोड़ की और फायरिंग की थी।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार पांचों अपराधियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस मामले के अन्य पहलुओं पर भी गहनता से अनुसंधान जारी रखे हुए है ताकि इस विवाद की असली जड़ तक पहुंचा जा सके।

More From Author

जमशेदपुर: सफाई कर्मियों के सम्मान में उतरी यूथ इंटक, मुख्यमंत्री को भेजा 12 सूत्री मांगपत्र; बीमा और सुरक्षा उपकरणों की मांग

जमशेदपुर: एडीजी ने की कोल्हान की पुलिसिंग की समीक्षा; लंबित कांडों के निपटारे और डायल-112 को प्रभावी बनाने का निर्देश