जुगसलाई पुलिस को बड़ी सफलता: हथियार सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद

जमशेदपुर। अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुगसलाई पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई क्षेत्र में एक युवक हथियार सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना के आधार पर जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रवानी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पहले सप्लायर, फिर खरीदार गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधी गतिविधियों में संलिप्त जाहिद हुसैन उर्फ विक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके बयान के आधार पर हथियार खरीदने वाले रेहान हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और अपराधियों तक हथियार पहुंचाने के काम में शामिल थे।

रेलवे ब्रिज के नीचे से मिला हथियार

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर गरीब नवाज कॉलोनी रेलवे ब्रिज के नीचे छापेमारी की। वहां से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

50 से 60 हजार रुपये में होती थी डील

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री 50 हजार से 60 हजार रुपये के बीच करते थे। हथियारों की सप्लाई अपराध से जुड़े लोगों को की जाती थी।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस दोनों आरोपियों से नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

More From Author

जेएनएसी पर नाला सफाई में अनियमितता का आरोप, विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि ने डीसी से की जांच की मांग

जमशेदपुर: पूर्व सीएम चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन पर गंभीर आरोप; जनजातीय परिवार से मारपीट और जमीन कब्जे की उपायुक्त से शिकायत