जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर (टाटानगर) के जुगसलाई थाना क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मैगजीन और जिंदा कारतूस के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी ने किया खुलासा
इस बड़ी कामयाबी को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी सुनील कुमार ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों जुगसलाई क्षेत्र में एक किराना दुकानदार के साथ मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही कई अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है। इसी जांच के क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग की उस वारदात में एक और युवक संलिप्त था, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया।
अल यासीन अपार्टमेंट से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अल यासीन अपार्टमेंट में छापेमारी की और वहां से सैयद अदनान मिर्जा नामक आरोपी को धर दबोचा। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपने पास हथियार होने की बात कबूल की।
स्विफ्ट कार की सीट के नीचे छिपा था जखीरा
आरोपी सैयद अदनान मिर्जा की निशानदेही पर पुलिस ने उसकी स्विफ्ट कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की सीट के नीचे से दो देसी पिस्तौल की मैगजीन ,4 जिंदा कारतूस (बुलेट्स) बरामद किए गए।
पिस्तौल की तलाश में जुटी पुलिस
डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि जुगसलाई क्षेत्र को पूरी तरह अपराध मुक्त करने की दिशा में पुलिस तस्करों और अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि इस कार का इस्तेमाल अपराधी हथियारों को छिपाने और ट्रांसपोर्ट करने के लिए करते थे। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि मैगजीन के साथ वाली मूल पिस्तौल कहां छिपाई गई है और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।
