जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के सामने हुए चर्चित हत्याकांड के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मामले में वर्तमान बिष्टुपुर थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निरंजन कुमार बने बिष्टुपुर के नए थाना प्रभारी
पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, थाना प्रभारी के स्तर पर लापरवाही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। साथ ही पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
डीडी बार हत्याकांड के बाद उठे थे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
गौरतलब है कि डीडी (डबल डाउन) बार के सामने हुई हिंसक घटना में एक युवक की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और मौके पर मौजूद जवानों की भूमिका को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई थी।
जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है। विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
