हिमांशु सिंह हत्याकांड: जमशेदपुर पहुंचे जोनल आईजी, घटनास्थल का किया निरीक्षण; बोले- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को जोनल आईजी मनोज कौशिक शहर पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा की। उन्होंने एएसपी समेत पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई जांच की जानकारी ली और मामले के हर पहलू पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की।

घटनास्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

समीक्षा बैठक के बाद जोनल आईजी मनोज कौशिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना के समय की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की तैनाती और संभावित चूक के संबंध में जानकारी ली। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तेज गति से पूरी की जाए।

‘दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा’

निरीक्षण के दौरान जोनल आईजी ने कहा कि मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

घटना के बाद शहर में तनाव, पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल

हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही हिमांशु सिंह पर हमला हुआ, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।

डबल डाउन बार सील, आरोपियों की तलाश तेज

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डबल डाउन बार को सील कर दिया है। वहीं, पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। दूसरी ओर, हिमांशु सिंह के परिजनों ने सभी दोषियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग करते हुए फिलहाल पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है।

More From Author

हिमांशु हत्याकांड: दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज हो, स्पीडी ट्रायल चले- भानु प्रताप शाही