जमशेदपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सिंहभूम चैंबर चिंतित, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेजा पत्र

जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) ने गहरी चिंता व्यक्त की है। चैंबर ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।

‘अपराध बढ़ने से व्यापारी और उद्यमी भय के माहौल में’

सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि पिछले कई महीनों से शहर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इसके कारण आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी और उद्यमी वर्ग भी असुरक्षा के माहौल में कारोबार करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हमला, रंगदारी, चोरी, छिनतई और महिलाओं से चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

हिमांशु सिंह हत्याकांड का किया उल्लेख

चैंबर अध्यक्ष ने पत्र में बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में पुलिस वाहन के पास दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला और इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। उनके अनुसार यह घटना कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाती है और इससे औद्योगिक एवं व्यापारिक नगरी जमशेदपुर की छवि भी प्रभावित हुई है।

व्यापार और निवेश के माहौल पर असर पड़ने की आशंका

मानव केडिया ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसका प्रतिकूल प्रभाव शहर के व्यापार, उद्योग और निवेश के वातावरण पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर राज्य की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां सुरक्षित और सकारात्मक कारोबारी माहौल बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

चैंबर की प्रमुख मांगें

सिंहभूम चैंबर ने मुख्यमंत्री से निम्नलिखित मांगें की हैं—

शहर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
संगठित अपराध और रंगदारी पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
हाल की सभी गंभीर आपराधिक घटनाओं के दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

सरकार से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद

सिंहभूम चैंबर ने विश्वास जताया है कि राज्य सरकार इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

More From Author

हिमांशु सिंह हत्याकांड: जमशेदपुर पहुंचे जोनल आईजी, घटनास्थल का किया निरीक्षण; बोले- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

आदित्यपुर : ज्वेलर्स व्यवसायी पर जानलेवा हमला, रंगदारी नहीं देने पर धारदार हथियार से वार; एक आरोपी गिरफ्तार