जमशेदपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पार्टी के बाद विवाद बना जानलेवा

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधडीह में बुधवार देर रात 27 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोपोडेरा निवासी रोहित मुंडा के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, रोहित मुंडा बुधवार रात सालगाझरी में अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए।बताया जा रहा है कि बस्ती पहुंचने के बाद विवाद दोबारा शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने रोहित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल ले जाने के बजाय घर लाए परिजन

घटना के बाद परिजन घायल रोहित को अस्पताल ले जाने के बजाय घर ले आए। परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद रोहित ने पानी भी पिया और उसकी हालत सामान्य प्रतीत हो रही थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।पुलिस का कहना है कि घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो स्थिति अलग हो सकती थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

बाइक चोरी के शक में हत्या की आशंका

मृतक के साथी बजरंग ने दावा किया है कि रोहित की हत्या बाइक चोरी के शक में की गई। उसके अनुसार, पार्टी खत्म होने के बाद एक युवक की बाइक रोहित अपने घर ले आया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और बाद में उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई।पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।

कई युवकों पर हत्या का आरोप

मृतक के परिजनों ने बस्ती के सुजल, हरिपद समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में हत्या में शामिल कुछ लोगों की पहचान हुई है, जो मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

जमशेदपुर: राहुल बच्चा मर्डर केस का खुलासा; मास्टरमाइंड शब्बे समेत 4 गिरफ्तार, ‘हाफ एनकाउंटर’ के पैटर्न पर उठने लगे सवाल

जमशेदपुर बंद के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग, भाजपा नेताओं ने एसएसपी से की मुलाकात