सरायकेला पुलिस ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र में संचालित अवैध ऑनलाइन बेटिंग एवं जुआ रैकेट का बड़ा खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 33 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो वाई-फाई राउटर, एक लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए गए।
शिवनारायणपुर में चल रहा था ऑनलाइन बेटिंग का नेटवर्क
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में अवैध रूप से ऑनलाइन बेटिंग और जुआ का संचालन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।टीम ने मौके पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार के तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार – निवासी बेगूसराय (बिहार),गुलशन कुमार – निवासी खगड़िया (बिहार) और मनोज कुमार – निवासी भोजपुर (आरा, बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
33 मोबाइल, लैपटॉप और एटीएम कार्ड सहित कई सामान जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 33 मोबाइल फोन,13 सिम कार्ड,3 एटीएम कार्ड,2 ड्यूल बैंड वाई-फाई राउटर,1 डेल कंपनी का लैपटॉप,मोबाइल चार्जर एवं एडॉप्टर और ऑनलाइन लेन-देन और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज बरामद किया है।
डिजिटल फॉरेंसिक जांच से खुलेगा पूरा नेटवर्क
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच के माध्यम से पूरे ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
