चतरा में टीपीसी के हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू गिरफ्तार, ब्रजेश गंझू का करीबी बताया जा रहा; बड़े खुलासे की उम्मीद

चतरा: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी/टीपीसी) के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लावालौंग थाना क्षेत्र से संगठन के कथित हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू उर्फ सरदार का करीबी सहयोगी था और लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।गिरफ्तारी के बाद नरेश गंझू को कड़ी सुरक्षा के बीच धमनियां पिकेट में रखकर पूछताछ की जा रही है।

नेटवर्क, लेवी और हथियारों को लेकर मिल सकते हैं अहम सुराग

पुलिस सूत्रों का कहना है कि नरेश गंझू संगठन के शीर्ष नेतृत्व के सीधे संपर्क में था। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, लेवी वसूली, सक्रिय उग्रवादियों और फरार नेताओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।इसके अलावा, टेरर फंडिंग से जुड़े मामलों और फरार टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू तक पहुंचने में भी यह गिरफ्तारी अहम मानी जा रही है।

हथियार बरामद होने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि बाकी

सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान नरेश गंझू के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

ब्रजेश गंझू पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम

गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू उर्फ सरदार पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है, जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उस पर 5 लाख रुपये का अतिरिक्त इनाम रखा है। इस तरह उस पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित है और वह सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है।

डीजीपी के चतरा दौरे की संभावना

पुलिस का मानना है कि नरेश गंझू से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर टीपीसी के अन्य सदस्यों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। वहीं, सूत्रों के अनुसार झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा के सोमवार को चतरा पहुंचने की संभावना है। उनके साथ आईजी, डीआईजी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के भी जिले का दौरा प्रस्तावित बताया जा रहा है।

More From Author

आषाढ़ी पूजा 2026: बर्मामाइंस में रजक समाज ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से की पूजा, सुख-समृद्धि और अच्छी फसल की कामना

जमशेदपुर: गोलमुरी मार्केट की पान दुकान में लाखों की चोरी, नकदी लेकर फरार हुए चोर