जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी मार्केट स्थित एक पान दुकान में रविवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सिगरेट एवं अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
सुबह दूध सप्लायर के फोन से मिली चोरी की जानकारी
दुकान संचालक उमेश कुमार ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10:30 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा मिला और गल्ला खाली था।
10 हजार रुपये नकद और 50 हजार तक का सामान चोरी
उमेश कुमार के अनुसार, चोर दुकान से पर्स में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा 40 से 50 हजार रुपये मूल्य की सिगरेट और अन्य सामान भी चोरी कर लिया गया। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
दुकानदारों ने बढ़ाई सुरक्षा और रात्रि गश्त की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर गोलमुरी मार्केट के व्यापारियों ने चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
