जमशेदपुर में भाकपा का केंद्र सरकार पर हमला, नीट पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

जमशेदपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की सिंहभूम जिला इकाई ने सोमवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार संकट में है और सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है।

सोनम वांगचुक को जबरन हटाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ: भाकपा

प्रेस वार्ता में अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले लगभग 20 दिनों से जंतर-मंतर पर शिक्षा सुधार और छात्रों के भविष्य को लेकर अनशन कर रहे थे। उनका आरोप है कि प्रशासन द्वारा उन्हें जबरन हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है और इससे छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया है।

नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा

भाकपा ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। पार्टी का आरोप है कि अब तक इस मामले में सरकार की ओर से कोई ठोस जवाबदेही तय नहीं की गई है।

बेरोजगारी और महंगाई पर भी सरकार को घेरा

अंबुज ठाकुर ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई से आम जनता परेशान है, लेकिन केंद्र सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य मुद्दों में उलझी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों, युवाओं और आम जनता के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रहेगा

भाकपा जिला सचिव ने कहा कि पार्टी शिक्षा, रोजगार, महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी। आने वाले दिनों में इन मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।प्रेस वार्ता में जिला सचिव मंडल सदस्य धनंजय शुक्ला, वरिष्ठ नेता शशि कुमार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

More From Author

जमशेदपुर: गोलमुरी मार्केट की पान दुकान में लाखों की चोरी, नकदी लेकर फरार हुए चोर

आदित्यपुर के आरआईटी मोड़ के पास युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात