जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र स्थित जेल चौक के पास सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी स्कूल की शिक्षिका रजनीगंधा दास की मौत हो गई। वह प्राथमिक विद्यालय एदेलबेड़ा में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। घटना के बाद उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रजनीगंधा दास अपने पति सुशील दास, जो टाटा स्टील में कार्यरत हैं, के साथ बाइक से विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान जेल चौक के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ीं।
हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिक्षिका ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन गिरने का झटका इतना तेज था कि हेलमेट क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिसके कारण उनकी हालत नाजुक हो गई।
टीएमएच में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद उनके पति उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मंगलवार को होगा अंतिम संस्कार
रजनीगंधा दास के परिवार में उनके पति के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। उनका बेटा मुंबई से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका है, जबकि बेटी बेंगलुरु में एमबीए की पढ़ाई कर रही है। दोनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शिक्षा जगत में शोक की लहर
शिक्षिका के निधन की खबर से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रजनीगंधा दास एक समर्पित, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार शिक्षिका थीं। उनके असामयिक निधन से शिक्षक समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।
