जमशेदपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 18 एवं 20 जुलाई को मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष सहायता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरने में सहयोग, जमा करने, डिजिटाइजेशन और मैपिंग से संबंधित सहायता प्रदान की गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
विशेष सहायता शिविर के अंतिम दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मानपीटा, घोड़ाबांधा और बर्मामाइंस क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन और मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
मतदाता जल्द जमा करें इन्यूमरेशन फॉर्म
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि विशेष सहायता शिविरों का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने और जमा करने में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना था।उन्होंने अपील की कि जिन मतदाताओं ने अब तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर हस्ताक्षर सहित अपने बीएलओ को जमा नहीं किया है, वे बिना विलंब ऐसा करें, ताकि डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
घर-घर पहुंचाए गए हैं इन्यूमरेशन फॉर्म
उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म मुद्रित कर बीएलओ के माध्यम से घर-घर पहुंचाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी मतदाताओं का सहयोग आवश्यक है।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित बूथों के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित रहे।
