चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में हवाई पट्टी के समीप स्वर्णरेखा परियोजना की चांडिल मुख्य बायीं नहर की शाखा पर बनी पुलिया जर्जर हो चुकी है। पुलिया के दोनों छोर पर मिट्टी का भारी कटाव होने से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
पुलिया की सरिया तक आई बाहर
ग्रामीणों के अनुसार, वर्षों पहले निर्मित इस पुलिया की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। पुलिया का कंक्रीट उखड़ चुका है और लोहे की सरिया (छड़ें) बाहर दिखाई देने लगी हैं, जिससे इसकी मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पिछले साल ग्रामीणों ने खुद कराया था अस्थायी मरम्मत
बताया गया कि पिछले वर्ष ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से में मोरम डालकर अस्थायी मरम्मत कराई थी। लेकिन इस वर्ष लगातार हो रही बारिश के कारण मोरम बहने लगा है और स्थिति पहले से अधिक गंभीर हो गई है।
कई गांवों को जोड़ती है यह सड़क
हवाई पट्टी से मुढ़ाल तक जाने वाली यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ती है। प्रतिदिन इस मार्ग से दोपहिया, चारपहिया और अन्य छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुलिया की जर्जर स्थिति लोगों के लिए लगातार खतरा बनी हुई है।
ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पुलिया की स्थायी मरम्मत और संपर्क मार्ग पर हुए कटाव को जल्द भरवाने की मांग की है।
