जमशेदपुर: टाटा पावर प्रबंधन पर ठेका मजदूरों के अधिकारों के हनन का आरोप, यूनियन ने श्रम विभाग से की जांच की मांग

जमशेदपुर: टाटा पावर मजदूर यूनियन ने शुक्रवार को साकची स्थित सीपीआई कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कंपनी प्रबंधन पर ठेका मजदूरों के अधिकारों के हनन का गंभीर आरोप लगाया। यूनियन नेताओं का कहना है कि कंपनी में पिछले 20 से 25 वर्षों से स्थायी प्रकृति के कार्य ठेका मजदूरों से कराए जा रहे हैं, जबकि श्रम कानूनों के अनुसार ऐसे कार्यों के लिए स्थायी नियुक्ति की जानी चाहिए।

श्रम विभाग को पहले ही सौंपा जा चुका है मांगपत्र

यूनियन के उपाध्यक्ष एवं एआईटीयूसी के राज्य सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में उप श्रमायुक्त, जमशेदपुर को पहले ही मांगपत्र सौंपा जा चुका है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग ने इस मामले में टाटा पावर प्रबंधन से भी मंतव्य मांगा है।

बॉन्ड भरवाने का लगाया आरोप

यूनियन का आरोप है कि श्रम विभाग की कार्रवाई के बाद कंपनी प्रबंधन ठेका एजेंसियों के साथ मिलकर मजदूरों से बॉन्ड भरवा रहा है, ताकि लंबे समय से कार्यरत मजदूरों को मिलने वाले अधिकारों और सुविधाओं से वंचित रखा जा सके।यूनियन नेताओं ने कहा कि मजदूरों पर इस तरह का दबाव बनाना श्रम कानूनों की भावना के विपरीत है और इससे बड़ी संख्या में ठेका मजदूर प्रभावित हो सकते हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग

प्रेस वार्ता में यूनियन ने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत उप श्रमायुक्त को सौंप दी गई है। संगठन ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और ठेका मजदूरों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रेस वार्ता में अंबुज कुमार ठाकुर, निगमानंद पाल, धनंजय शुक्ला, रामजीवन कामत, पवन कुमार सहित कई यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों की मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

More From Author

आदित्यपुर मेडिट्रीना अस्पताल के आईसीयू में लगी आग, सभी मरीज सुरक्षित; दमकल ने एक घंटे में पाया काबू

जमशेदपुर: टिनप्लेट सब्जी मार्केट फायरिंग मामले में तीन अपराधी गिरफ्तार, दो कट्टा व कारतूस बरामद