जमशेदपुर समाहरणालय में 9 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई, उपायुक्त ने किया सम्मानित

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में सेवानिवृत्त हो रहे 9 शिक्षकों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित

समारोह में श्री रामशंकर सिंह,श्री सुतीर्थ कुमार राणा,श्रीमती फुलमनी हेंब्रम,श्री रामनारायण सिंह,श्रीमती रीता कुमारी पॉल,श्रीमती नीलम कुमारी,श्री एमलेन टोपनो,श्री पंकज कुमार सीट और श्री अरुण कुमार झा को सम्मानित किया गया।

‘शिक्षक समाज की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला हैं’ : उपायुक्त

इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला होते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा से सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन शिक्षक का दायित्व और समाज के प्रति उनका योगदान कभी समाप्त नहीं होता।उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

सुखद और स्वस्थ जीवन की दी शुभकामनाएं

समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। उपायुक्त ने भी सभी शिक्षकों के उत्तम स्वास्थ्य, सक्रिय जीवन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके शिक्षा जगत में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया।

More From Author

सरायकेला: देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

जमशेदपुर: द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन में एम.कॉम छात्राओं के लिए प्रोजेक्ट लेखन पर कार्यशाला आयोजित