जमशेदपुर: द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन, साकची के वाणिज्य विभाग द्वारा एम.कॉम. तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2024–2026) की छात्राओं के लिए “प्रभावी परियोजना (प्रोजेक्ट) तैयारी के आवश्यक तत्व” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शोध एवं परियोजना लेखन के लिए आवश्यक व्यावहारिक और अकादमिक मार्गदर्शन प्रदान करना था।
डॉ. सविता मिश्रा ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रोफेसर-इन-चार्ज डॉ. सविता मिश्रा के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. मो. एम. नज़री, विभागाध्यक्ष, वाणिज्य विभाग, करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर का स्वागत करते हुए कार्यशाला की उपयोगिता और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।उन्होंने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शोध कार्य एवं परियोजना लेखन के माध्यम से अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
शोध और प्रोजेक्ट लेखन के महत्व पर दिया जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. कुमारी अनामिका ने की। उन्होंने छात्राओं को शोध एवं प्रोजेक्ट लेखन के महत्व से अवगत कराते हुए बेहतर अकादमिक प्रदर्शन के लिए अनुसंधान आधारित अध्ययन की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि ने दो सत्रों में दी विस्तृत जानकारी
मुख्य वक्ता डॉ. मो. एम. नज़री ने अपने व्याख्यान को दो सत्रों में प्रस्तुत किया।
पहले सत्र में इन विषयों पर हुआ मार्गदर्शन
प्रोजेक्ट का विषय चयन
साहित्य समीक्षा
शोध प्रश्नों का निर्धारण
शोध पद्धति
डेटा संग्रहण एवं विश्लेषण
संदर्भ लेखन
निष्कर्ष तैयार करने की प्रक्रिया
दूसरे सत्र में प्रैक्टिकल डेमो
दूसरे सत्र में उन्होंने एक नमूना प्रोजेक्ट के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण परियोजना तैयार करने की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध और व्यावहारिक तरीके से समझाया। इस दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने प्रश्नों का समाधान प्राप्त किया।
शोध कौशल विकसित करने पर रहा विशेष फोकस
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को बेहतर शोध कौशल विकसित करने, परियोजना लेखन की तकनीकों से परिचित कराने तथा उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक जीवन के लिए तैयार करना था।
ये शिक्षिकाएं रहीं उपस्थित
कार्यक्रम में डॉ. सुशीला हाँसदा, डॉ. संगीता बिरुआ, डॉ. अनुराधा वर्मा, डॉ. सुनीता बंकिरा, डॉ. पूर्वा दुबे, प्रो. सुदीप्ता दास सहित एम.कॉम. तृतीय सेमेस्टर की सभी छात्राएं उपस्थित रहीं।
