जमशेदपुर से शुरू होगा 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान, राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे शुभारंभ

जमशेदपुर: भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का भव्य शुभारंभ 7 अगस्त को जमशेदपुर में किया जाएगा। इस अभियान का आयोजन ब्रह्माकुमारीज द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मिशन स्पंदन के सहयोग एवं समन्वय से सेवाकेंद्र परिसर में किया जा रहा है।

राज्यपाल दिखाएंगे नशामुक्ति जनजागरण बस यात्रा को हरी झंडी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे, जो नशामुक्ति जनजागरण बस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।यह बस यात्रा करीब दो महीने तक झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों एवं जिलों का भ्रमण करेगी और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश देगी।

25 अगस्त को मेगा रक्तदान शिविर का पोस्टर होगा जारी

समारोह के दौरान 25 अगस्त को राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी डॉ. प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान शिविर के पोस्टर का भी राज्यपाल लोकार्पण करेंगे।आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष भारत और नेपाल के ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्रों के संयुक्त प्रयास से 89 हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। इस वर्ष 21 से 25 अगस्त तक भारत एवं नेपाल के सभी सेवा केंद्रों पर और भी बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालयों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के पहले चरण में लगभग 20 दिनों तक जमशेदपुर के विद्यालयों,महाविद्यालयों,विश्वविद्यालयों,औद्योगिक संस्थानों,सामाजिक संगठनों,पार्कों,मंदिरों,बस स्टैंड,रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इसके बाद जनजागरण यात्रा चाकुलिया, घाटशिला, चक्रधरपुर, चाईबासा, जादूगोड़ा, चांडिल, रामगढ़, हजारीबाग, गया, देवघर, आसनसोल, रानीगंज, बांकुड़ा, निरसा, मधुपुर, बर्नपुर, बलरामपुर समेत कई अन्य क्षेत्रों में पहुंचेगी।

‘एक संकल्प, 10 करोड़ परिवर्तन’ अभियान का मुख्य संदेश

आयोजकों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल लोगों से नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराना नहीं, बल्कि उनमें आत्मबल, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं नशामुक्त रहने का संकल्प लें और कम से कम पांच अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें।अभियान से जुड़ने के इच्छुक नागरिक व्हाट्सएप नंबर 9414154000 पर “PLEDGE” लिखकर संदेश भेज सकते हैं और राष्ट्रीय नशा मुक्ति प्रतिज्ञा का हिस्सा बन सकते हैं।

More From Author

झारखंड में भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग: जेएलकेएम ने जेपीएससी-जेएसएससी में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सरकार को दिए अहम सुझाव

अफताब आलम हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; दो आरोपी गिरफ्तार, एसआईटी की छापेमारी जारी