सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू बायपास (एनएच-18) स्थित भालूकोचा के यदुवंशी होटल में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण अचानक आग लग गई। घटना के समय होटल में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
रसोई से शुरू हुई आग, झोपड़ी तक पहुंचीं लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल की रसोई में खाना बनाते समय सिलेंडर से गैस रिसने लगी। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी रसोई को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटें पास में बनी पुआल की झोपड़ी तक पहुंच गईं, जिससे आग तेजी से फैलने लगी।सिलेंडर विस्फोट की आशंका के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। साथ ही चांडिल अनुमंडल अग्निशमन केंद्र को सूचना दी गई।दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया।
होटल को हुआ आर्थिक नुकसान
होटल संचालक के अनुसार, यदि समय पर दमकल की टीम और ग्रामीणों का सहयोग नहीं मिलता तो आग आसपास के अन्य हिस्सों में भी फैल सकती थी।हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन होटल की झोपड़ीनुमा संरचना और उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर से रिसाव को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है।प्रशासन ने होटल संचालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से गैस सिलेंडर, रेगुलेटर और अन्य अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच कराने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
