जमशेदपुर में कांग्रेस सेवादल का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, प्रदीप बलमुचू ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर: झारखंड प्रदेश सेवादल कांग्रेस कमिटी के दिशा-निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला सेवादल कांग्रेस की ओर से रविवार को बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कांग्रेस का चरखा छाप झंडा फहराकर किया।उद्घाटन के दौरान राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, ध्वज गीत, वंदे मातरम, ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ और ‘जन गण मन’ का गायन किया गया।

‘सेवादल कांग्रेस पार्टी की मुख्य रीढ़’

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि सेवादल कांग्रेस पार्टी की मुख्य रीढ़ है। उन्होंने कहा कि सेवादल के कार्यकर्ता अनुशासन और सेवा कार्यों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में शामिल सदस्यों से पांच दिनों तक गंभीरता और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की।

आम लोगों तक पार्टी का संदेश पहुंचाने की बात

विशिष्ट अतिथि एवं लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम में सेवादल मजबूत हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवादल के माध्यम से कांग्रेस का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने की बात कही।उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

जिला स्तर के बाद प्रखंड स्तर पर भी प्रशिक्षण

सम्मानित अतिथि एवं जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने को महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत करने में मदद मिलेगी।प्रदेश सेवादल चेयरमैन नवीन सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे प्रखंड स्तर पर भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

पांच दिनों तक विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण

पूर्वी सिंहभूम जिला सेवादल कांग्रेस के चेयरमैन राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत ने कहा कि पांच दिवसीय शिविर के दौरान सेवादल के सदस्यों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष (संगठन) लक्ष्मण, महिला सेवादल अध्यक्ष अमरजीत नाथ मिश्र, लक्की शर्मा, जिला चेयरमैन महिला सेवादल रेनु मिश्रा, बिक्रम झा, आनंद सेनापति सहित कांग्रेस सेवादल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

More From Author

जमशेदपुर: परिसदन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का सिख नेताओं ने किया भव्य स्वागत; संगठन में समाज की भागीदारी पर हुई चर्चा