जमशेदपुर में आजसू छात्र मोर्चा का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, सुभाष मैदान में फूंका पुतला

जमशेदपुर: झारखंड सरकार की नीतियों के विरोध में बुधवार शाम आजसू छात्र मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में साकची स्थित सुभाष मैदान में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार का पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जताई और विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन में आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। पुतला दहन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।

पुतला दहन को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की

पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखते हुए अंततः पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

रामचंद्र सहिस बोले- युवाओं और छात्रों की आवाज दबा रही सरकार

सभा को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने झारखंड सरकार पर युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि छात्र और युवा रोजगार, शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार इन सवालों का जवाब देने के बजाय आंदोलनों को रोकने का प्रयास कर रही है।रामचंद्र सहिस ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार से सवाल पूछना और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराना नागरिकों का अधिकार है।

कन्हैया सिंह ने भी सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल

आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने भी राज्य सरकार की कार्यशैली की आलोचना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि छात्र और युवा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनकी आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।

आंदोलन को व्यापक करने की चेतावनी

आजसू नेताओं ने कहा कि सुभाष मैदान में किया गया पुतला दहन सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं, छात्रों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखाती है, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में आजसू पार्टी और छात्र मोर्चा के कई जिला, प्रखंड एवं युवा पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्र, युवा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

More From Author

जमशेदपुर: कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड का खुलासा; एसआईटी ने 6 आरोपियों को हथियार व आई10 कार संग दबोचा, एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

मानगो गोलचक्कर के पास अनियंत्रित हुई यात्री बस, दो बाइकें चपेट में आईं, बड़ा हादसा टला