जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर के चर्चित युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड का पुलिस प्रशासन ने पर्दाफाश कर दिया है। जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतिशाम वकारीब के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान दल ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल शूटर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को जमशेदपुर एवं सरायकेला-खरसावां पुलिस ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर इस पूरे हत्याकांड की कड़ी का खुलासा किया।
इलाज के दौरान टीएमएच में हुई थी मौत; बिष्टुपुर थाने में दर्ज हुआ था केस
पुलिस द्वारा साझा की गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार गत 24 अगस्त 2026 को कारोबारी निखार सबलोक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने के बाद गंभीर हालत में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था।टीएमएच में इलाज के दौरान निखार सबलोक ने दम तोड़ दिया था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 115/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।
एसआईटी की कार्रवाई: हथियार और प्रयुक्त कार (JH 05 AN 5503) जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. एहतिशाम वकारीब के निर्देश पर जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस अधिकारियों को मिलाकर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस तथा तकनीकी साक्ष्यों को खंगालते हुए आरोपियों के नेटवर्क को ट्रैक किया। पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल की गई ह्युंडई आई 10 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH 05 AN 5503) के साथ-साथ हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार को भी सफलतापूर्वक जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों की सूची
पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल निम्नलिखित छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नामअशोक कुमार सिंह उर्फ बंटी,सुशील रजक,रितेश सिंह,सुशील केराई,राजा कुमार सिंह उर्फ शूटर सिंह (मुख्य शूटर) और अंकित सिंह शामिल है।
अन्य पहलुओं की गहन जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से कड़ी पूछताछ की गई है, जिससे हत्या के पीछे के कारणों और पूरी साजिश की कड़ियां स्पष्ट हो गई हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों की व्यक्तिगत भूमिका के साथ-साथ इस मामले से जुड़े अन्य वित्तीय व व्यक्तिगत पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है ताकि सभी दोषियों को अदालत से सख्त सजा दिलाई जा सके।
