
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों नक्सलियों की गिरफ्तारी छोटानागरा थाना क्षेत्र में 9 और 10 अक्टूबर को हुई पुलिया उड़ाने की घटना के संबंध में की गई है।
आईईडी ब्लास्ट की जांच से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की। उन्होंने बताया कि 9 और 10 अक्टूबर को नक्सलियों द्वारा छोटानागरा थाना क्षेत्र के राखामाटी के पास पुलिया को आईईडी (IED) ब्लास्ट कर उड़ाया गया था।एसपी ने बताया कि इस गंभीर मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के बारे में ठोस सुराग मिला। त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने छापेमारी दल का गठन किया और दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य नक्सलियों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों नक्सली भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और इस घटना में शामिल अन्य नक्सलियों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लेगी।
एसपी ने नक्सली संगठनों से जुड़े लोगों से एक बार फिर मानवीय अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटें और झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर सामान्य जीवन शुरू करें।गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
