Views: 2
जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनडीह लाइन टोला निवासी धानो हांसदा और मानगो निवासी सकिल अहमद के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि 3 नवंबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह स्थित श्यामा प्रसाद कॉलेज के पीछे मैदान में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की।पुलिस को देखते ही वहां मौजूद दुबराज किस्कू फरार हो गया, जबकि धानो हांसदा और सकिल अहमद को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 12.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी
इस मामले में पुलिस पदाधिकारी सनत टुडू के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार आरोपी दुबराज किस्कू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
