Views: 6
जमशेदपुर। शहर के साहित्यिक और सांस्कृतिक कैलेंडर का प्रमुख आयोजन 40वां जमशेदपुर पुस्तक मेला आगामी 20 नवंबर से शुरू होगा। टैगोर सोसाइटी की ओर से साकची स्थित रवींद्र भवन परिसर में आयोजित यह दस दिवसीय मेला 29 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसमें देशभर के प्रतिष्ठित प्रकाशक, पुस्तक विक्रेता, साहित्यकार, बुद्धिजीवी और पुस्तक प्रेमी हिस्सा लेंगे।बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैगोर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने मेले की तैयारियों और विशेष आकर्षणों की जानकारी दी। सोसाइटी के महासचिव आशीष चौधरी ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और पटना समेत देश के विभिन्न शहरों के प्रमुख प्रकाशक एवं पुस्तक वितरक अपनी नवीनतम पुस्तकों के साथ मेले में शामिल होंगे।
हिंदी, अंग्रेजी से लेकर संथाली और हो भाषा की पुस्तकें होंगी उपलब्ध
पुस्तक मेले में हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला, उर्दू और गुरुमुखी के अलावा संथाली, हो और कुड़माली जैसी क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं की पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी। साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और बाल साहित्य समेत विभिन्न विषयों की पुस्तकों का विस्तृत संग्रह पाठकों को आकर्षित करेगा।
विद्यार्थियों के लिए होंगी साहित्यिक और रचनात्मक प्रतियोगिताएं
आशीष चौधरी ने बताया कि पुस्तक मेले के दौरान वाद-विवाद, भाषण (एलोक्यूशन) और चित्रकला समेत विभिन्न साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, ज्ञान और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
स्कूली विद्यार्थियों को दिए गए 30 हजार से अधिक नि:शुल्क पास
आम लोगों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रवेश टिकट का मूल्य पिछले वर्ष के समान रखा गया है। वहीं, युवा पीढ़ी में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए स्कूली विद्यार्थियों के बीच 30 हजार से अधिक नि:शुल्क प्रवेश पास वितरित किए गए हैं।
डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व बरकरार : एचएस पाल
टैगोर सोसाइटी के अध्यक्ष एचएस पाल ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन व्यापक, प्रामाणिक और विश्वसनीय जानकारी के लिए पुस्तकों का महत्व आज भी कायम है। पढ़ने की आदत व्यक्ति की बौद्धिक क्षमता विकसित करने के साथ उसके दृष्टिकोण को व्यापक बनाती है और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने कहा कि छोटे स्तर से शुरू हुआ जमशेदपुर पुस्तक मेला आज शहर के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है।
युवाओं से पुस्तकों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
जमशेदपुर बुक फेयर कमेटी के चेयरमैन पार्थ सारथी सेन ने युवाओं से मोबाइल और डिजिटल माध्यमों पर अत्यधिक समय बिताने के बजाय पुस्तकों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने शहरवासियों, कॉरपोरेट घरानों, विद्यालयों और पुस्तकालयों से मेले में सक्रिय भागीदारी करने तथा पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
