
कटिहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत के साथ ही पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत हो चुका है। इसी कड़ी में, भारतीय रेलवे ने एक अनोखी और सराहनीय पहल की है, जिसने कटिहार के माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया है।
अनाउंसमेंट के बीच बज रहे छठ गीत

इस बार देश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के अनाउंसमेंट के बीच खाली समय में अब छठ गीत बजाए जा रहे हैं। कटिहार रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले आठ प्रमुख स्टेशनों पर भी यह व्यवस्था शुरू की गई है। जैसे ही स्टेशन परिसर में छठ गीतों की मधुर धुनें गूंजती हैं, यात्री और श्रद्धालु दोनों ही भाव विभोर हो उठते हैं और पूरा स्टेशन भक्ति के रंग में रंग जाता है।
सांस्कृतिक परंपरा को सम्मान: एडीआरएम
कटिहार रेल मंडल के एडीआरएम मनोज सिंह ने इस पहल के पीछे का उद्देश्य स्पष्ट किया। उन्होंने बताया:”छठ पर्व के दौरान लोक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा को सम्मान देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। यह पहली बार है जब रेलवे प्रशासन ने अनाउंसमेंट के साथ-साथ छठ गीतों के प्रसारण की व्यवस्था की है ताकि यात्रियों को पर्व जैसा वातावरण महसूस हो सके।”
यात्रियों ने की पहल की सराहना
यात्रियों का कहना है कि रेलवे की यह पहल न केवल मन को शांति देती है बल्कि लोक आस्था के इस पर्व की पवित्रता को भी और गहराई से महसूस कराती है।कटिहार जंक्शन सहित मंडल के अन्य स्टेशनों पर जब ‘उग हे सूरज देव’ और ‘केलवा के पात पर’ जैसे पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दी, तो यात्रियों और श्रद्धालुओं के चेहरे पर खुशी झलक उठी। कई व्रतियों ने कहा कि रेलवे की इस पहल से उन्हें घर जैसी अनुभूति हो रही है।रेलवे की यह पहल यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और इस लोक आस्था के पर्व को सम्मान देने की दिशा में एक सार्थक और संवेदनशील कदम माना जा रहा है।
