जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता: सीतारामडेरा फायरिंग कांड में प्रिंस खान गैंग के दो और शूटर गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

Spread the love

जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस ने संगठित अपराध पर नकेल कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भूईयाडीह निवासी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग कांड में शामिल गैंगस्टर प्रिंस खान के गैंग के दो और सक्रिय शूटरों को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और राजेश गिरि उर्फ बालू (दांतू) के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की रात करीब 1 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि फायरिंग कांड में शामिल ये दोनों शूटर एक सफेद रंग की स्कूटी से मानगी बस स्टैंड की ओर जाते हुए देखे गए हैं और संभवतः अवैध हथियार से लैस हैं।सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।गठित टीम ने रात्रि गश्ती पार्टी एवं टाइगर मोबाइल के जवानों के सहयोग से तत्काल कार्रवाई करते हुए पांडेय घाट के पास से दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

अपराधियों ने स्वीकारी संलिप्तता

गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वयं को प्रिंस खान के गैंग का सदस्य होना और हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस ने उनके पास से हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग कांड में प्रयुक्त अवैध हथियार, गोली और सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (संख्या JH 05 DM 4568) भी बरामद की है।

पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं अन्य आरोपी

गौरतलब है कि 10 अक्टूबर 2025 को गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटरों द्वारा हरेराम सिंह के भूईयाडीह स्थित आवास पर रंगदारी नहीं देने के एवज में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 135/2025, धारा 109 बी.एन.एस. एवं 27 शस्त्र अधिनियम दर्ज किया गया था।अनुसंधान के क्रम में पुलिस पहले ही मुख्य षडयंत्रकारी आकाश सिंह एवं शूटर रवि महानंद उर्फ गोपला को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा, साजिशकर्ता दशरथ शुक्ला को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।पुलिस ने बताया कि इन दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी से संगठित अपराध पर नकेल कसने में बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

More From Author

पोटका : पिकअप वैन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर घंटों जाम रहा हाता-टाटा मुख्य मार्ग

गम्हरिया खाद्य निगम गोदाम आग हादसा: झुलसे सहायक राजू सेनापति की मौत, एजीएम अभिषेक हाजरा की हालत अब भी गंभीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.