
हजारीबाग। झारखंड पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार सुबह करीब 6 बजे, हजारीबाग के गीरहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनतीतरी जंगली इलाके (बोकारो और गिरिडीह का सीमावर्ती क्षेत्र) में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली। कोबरा (COBRA) और गिरिडीह/हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम के साथ भाकपा (माओवादी) के दस्ते के बीच हुई मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली कमांडर अनुज उर्फ सहदेव सोरेन मारा गया।
एक करोड़ का इनामी था सहदेव सोरेन
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को सहदेव सोरेन सहित दो अन्य नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। सहदेव सोरेन भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय कमेटी का सदस्य था। जुलाई 2025 तक उस पर 25 लाख रुपये का इनाम था, लेकिन केंद्रीय कमेटी में शामिल होने के बाद झारखंड पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी थी।
झारखंड पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी
नक्सली मुक्त झारखंड बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में एक करोड़ के इनामी और कुख्यात नक्सली सहदेव सोरेन का मारा जाना झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी कामयाबी है। इस कार्रवाई से नक्सली संगठनों को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल, सुरक्षा बल इलाके में सर्च अभियान जारी रखे हुए हैं ताकि मुठभेड़ के बाद भागे हुए अन्य नक्सलियों को पकड़ा जा सके।