
रांची। झारखंड स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को राज्य सरकार की ओर से एक भव्य साइक्लोथॉन रैली का आयोजन किया गया। यह साइक्लोथॉन झारखंड की गौरवशाली यात्रा और संघर्ष की याद को जीवंत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू शामिल हुए।
सैकड़ों युवाओं ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
कार्यक्रम की शुरुआत राज्य मुख्यालय से हुई, जिसमें सैकड़ों युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।साइक्लोथॉन का उद्देश्य था—“एकता, ऊर्जा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता” का संदेश पूरे राज्य में फैलाना।यह रैली धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थल खूंटी जिले के उलिहातु तक जाएगी, जहां राज्य के अमर वीरों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
खेल मंत्री बोले — “युवा झारखंड का असली भविष्य”
मुख्य अतिथि सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा,“हमें गर्व है उन पुरखों पर जिन्होंने अलग राज्य की मांग के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। आज उन्हीं के संघर्ष का परिणाम है कि झारखंड एक युवा, प्रगतिशील और सशक्त राज्य के रूप में उभर रहा है।”उन्होंने आगे कहा कि यह साइक्लोथॉन झारखंड की ऊर्जा, एकता और युवाओं के जोश का प्रतीक है।राज्य सरकार का लक्ष्य है कि “हर गांव, हर नागरिक तक विकास का संदेश” पहुंचे।
धरती आबा के आदर्शों से प्रेरित है आयोजन
मंत्री सोनू ने कहा कि साइक्लोथॉन का समापन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु में किया जाएगा,जहां प्रतिभागी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करेंगे।उन्होंने कहा,“यह रैली झारखंड के इतिहास, संस्कृति और संघर्ष की याद दिलाने के साथ-साथ नए झारखंड के निर्माण का प्रतीक है।”
सरकार की मंशा — समृद्ध और सशक्त झारखंड
खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार एक समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर आयोजित कार्यक्रम पूरे झारखंडवासियों को समर्पित हैं।
