Views: 1

सरायकेला-खरसावां:सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में बुधवार की अहले सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ एक महिला ने कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना झामुमो नेता कृष्णा बास्के को दी, जो तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी—महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
महिला की पहचान रूपा देवी के रूप में, 4 साल से लिव-इन में रह रही थी
मृतका की पहचान रूपा देवी, निवासी रुचाप गांव (चांडिल) के रूप में हुई है।सूत्रों के अनुसार रूपा देवी पिछले चार वर्षों से रोशन सिन्हा नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।रोशन बिहार के मुंगेर जिला का रहने वाला है।वह एक निजी सिक्योरिटी एजेंसी में काम करता है।मंगलवार को यह दोनों पदमपुर गांव में बबलू बास्के के घर में किराये से रहने के लिए आए थे।
घटना कैसे हुई?
सुबह अचानक घर से निकली और कुएं की ओर चल पड़ी।सूत्रों के अनुसार—मंगलवार रात रोशन खाने के बाद अपने ड्यूटी पर चला गया।सुबह लगभग 4-5 बजे रूपा अचानक घर से बाहर निकली,किसी के समझ पाते उससे पहले ही रूपा देवी ने पास के कुएं में छलांग लगा दी।ग्रामीणों ने शोर सुनकर देखा, लेकिन तब तक घटना हो चुकी थी।
पुलिस ने शव अपने कब्जे में लिया, जांच शुरू
सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा है।
स्थानीय लोग सदमे में
पदमपुर गांव में एक दिन पहले ही किराये पर रहने आए दंपत्ति जैसे युवक-युवती के साथ हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रूपा देवी शांत स्वभाव की लग रही थी, इसलिए उसके इस कदम से सभी हैरान हैं।
