
सरायकेला/चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 आसनबनी स्थित होटल टाटा हाईवे में 20 नवंबर की रात हुई फायरिंग की घटना का चांडिल पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस वारदात में शामिल तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है।
जमशेदपुर से पकड़े गए तीनों आरोपी
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी जमशेदपुर के मानगो और आजादनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जिससे यह साफ होता है कि घटना को अंजाम देने के लिए जमशेदपुर के अपराधियों ने चांडिल तक का सफर तय किया था।गिरफ्तार आरोपी में मो. शहबाज आलम (20 वर्ष),मो. शाहिद रजा (19 वर्ष) और मो. फैजान आलम उर्फ मट्ठा (20 वर्ष) है। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों ने टीम को आरोपियों तक पहुंचने में बड़ी मदद की, जिसके बाद विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई और तीनों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा गया।
फायरिंग की मंशा पर जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई
चांडिल पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने शुरुआती पूछताछ में अपने शामिल होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, फायरिंग की मंशा और इसके पीछे के कथित विवाद की तहकीकात अभी जारी है। पुलिस घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।घटना के बाद से पुलिस ने हाईवे क्षेत्र और होटल परिसर में अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी है।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज
पुलिस का कहना है कि फायरिंग की इस घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की पहचान की जा चुकी है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी अभियान में शामिल टीम:
इस सफल उद्भेदन में चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा, चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार, पुअनि राहुल कुमार भारती, अमित कुमार, सअनि सीताराम मार्डी, अजीत मुण्डा, सुरेंद्र कुमार सिंह तथा चांडिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि टीम पूरी तत्परता के साथ मामले में शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
