
जमशेदपुर: शंकोसाईं थाना क्षेत्र (ओलीडीह) में 24 वर्षीय प्रदीप साहू की संदिग्ध हत्या और शव बरामदगी के बाद स्थानीय बस्ती में भारी आक्रोश व्याप्त है। बस्ती के लोगों ने नीरज सिंह के नेतृत्व में इलाके में नशा बिक्री करने वालों के खिलाफ एक जोरदार आंदोलन करने की तैयारी शुरू कर दी है।
नशा बिक्री करने वालों की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा आंदोलन
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रही अवैध नशा बिक्री और इससे जुड़े आपराधिक गिरोहों के कारण ही ऐसी घटनाएं हो रही हैं।बस्तीवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक इस क्षेत्र से नशा बिक्री करने वालों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
मां ने ‘लड़की के चक्कर’ में हत्या की आशंका जताई
मृतक प्रदीप साहू की मां शोभा देवी ने बेटे की हत्या के पीछे प्रेम संबंध से जुड़ी पुरानी रंजिश की आशंका जताई है।उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले प्रदीप साहू किसी लड़की के चक्कर में जेल भी गया था। मां ने आशंका जताई कि लड़की के घर के बगल में ही वे सभी लड़के (जिनको पुलिस ने हिरासत में लिया है) रहते हैं। उन्होंने कहा, “हो सकता है कि उसी के चक्कर में इसकी हत्या की गई हो।”प्रदीप साहू लगभग डेढ़ साल पहले एक नाबालिग लड़की को लेकर भागने के आरोप में जेल गया था।परिजनों के आरोपों और बस्ती में बढ़ते आक्रोश के बाद पुलिस अब इस मामले को केवल नशा तस्करी से ही नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच रही है।
