
जमशेदपुर:ठंड का मौसम शुरू होते ही जमशेदपुर का प्रसिद्ध डिमना लेक अपनी सुंदरता के चरम पर पहुंच गया है, जिसने इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। झील के एक किनारे पर लाल और सफेद कमल के फूलों की चादर बिछ गई है, जिसने इस स्थल को पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बना दिया है।
सैलानियों के लिए ‘मिनी कश्मीर’ बना डिमना
स्थानीय निवासी जुमेर आलम ने बताया कि डिमना लेक का यह मनोहारी दृश्य देखने के लिए शहर से ही नहीं, बल्कि झारखंड, ओडिशा, बंगाल और बिहार जैसे पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। यह लेक चारों तरफ से दलमा की पहाड़ियों से घिरा हुआ है, जो अपने आप में काफी खूबसूरत नजारा प्रस्तुत करता है।जुमेर आलम के अनुसार, जो लोग कश्मीर, नैनीताल या दार्जिलिंग नहीं जा सकते, वे ठंड के मौसम में जमशेदपुर के डिमना लेक पहुंचकर अपने शहर में ही ऐसे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले पाते हैं। कमल के फूलों के साथ सेल्फी लेने और इस खूबसूरत नजारे को अपने कैमरे में कैद करने के लिए यहां सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
डिमना झील ने ओढ़ी लाल चादर
ठंड के मौसम में यहां भारी संख्या में सैलानी आते हैं। इस मौसम में लेक के एक किनारे पर कमल के फूलों को देख लोग काफी प्रसन्न होते हैं।ऐसा प्रतीत होता है मानो इस ठंड में डिमना लेक ने लाल चादर ओढ़ रखी हो।पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिल रहा है और डिमना लेक एक बार फिर क्षेत्रीय पर्यटन मानचित्र पर चमक उठा है।
