
जमशेदपुर। शैक्षणिक व्यवस्था में अनियमितताओं, खासकर नई शिक्षा नीति के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन के बैनर तले छात्रों ने शहर में आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इस आंदोलन की शुरुआत शनिवार को साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर छात्रों द्वारा श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुई।
इस दौरान सीपीआई नेता अंबुज ठाकुर ने छात्रों के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया।
छात्रों का भविष्य अधर में, शिक्षकों की आर्थिक स्थिति चरमराई
AISF के छात्रों ने घोषणा की है कि जब तक उनकी माँगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने अपनी मुख्य समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा विश्वविद्यालयों द्वारा सही समय पर परीक्षा नहीं होने से छात्रों का भविष्य अधर में लटक रहा है और उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है।छात्रों ने चिंता व्यक्त की कि कॉलेज में आउटसोर्सिंग के तहत पढ़ा रहे शिक्षकों का वेतन समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति चरमराते जा रही है।
सीपीआई नेता ने दिया समर्थन
सीपीआई नेता अंबुज ठाकुर ने छात्रों की मांगों को जायज ठहराते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में व्याप्त ये समस्याएँ छात्रों और शिक्षकों दोनों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही हैं। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि इस न्यायसंगत लड़ाई में उन्हें उनका पूरा समर्थन प्राप्त है।AISF ने निगम से जल्द से जल्द इन तमाम समस्याओं को दूर करने की मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी माँगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
