मानगो: गंदगी के ढेर पर वार्ड 36, विधायक और कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी

Spread the love

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 36 में जनसुविधाओं का अकाल पड़ा है। कृष्णा नगर, शांति नगर और लक्ष्मण नगर के निवासी पिछले डेढ़ साल से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। नगर निगम की बेरुखी और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से त्रस्त होकर अब स्थानीय लोगों ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है।

होल्डिंग टैक्स दे रहे, पर बदले में मिल रही सिर्फ गंदगी

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वे नियमित रूप से नगर निगम को होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के नाम पर उन्हें ठगा जा रहा है। क्षेत्र के नालों की सफाई महीनों से नहीं हुई है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे सुरक्षा का खतरा बना रहता है। लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले स्थानीय विधायक अब जनता की सुध लेना भी मुनासिब नहीं समझते।

अधिकारी के ‘रसूख’ पर उठे सवाल: “सालों से जमे हैं कृष्ण कुमार”

विरोध प्रदर्शन के दौरान जनता का सबसे ज्यादा गुस्सा मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार के खिलाफ दिखा। चर्चा का विषय यह है कि कृष्ण कुमार पिछले कई वर्षों से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति और मानगो नगर निगम के महत्वपूर्ण पदों पर जमे हुए हैं।स्थानीय लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार किसी की भी हो, कृष्ण कुमार जैसे पदाधिकारी अपनी ‘जुगत’ बिठाकर मलाईदार पदों पर बने रहने में माहिर हैं। जमशेदपुर और आसपास के जिलों में ऐसे अधिकारियों की लंबी फेहरिस्त है जो सत्ता के करीबी बनकर वर्षों से एक ही क्षेत्र में जमे हैं और जनहित के बजाय रसूख की राजनीति में मशगूल हैं।

चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा: अब ‘श्रमदान’ से होगा विरोध

निगम प्रशासन को जगाने के लिए वार्डवासियों ने रणनीति तैयार की है।स्थानीय लोग स्वयं श्रमदान कर नालों की सफाई करेंगे, ताकि निगम को उनकी विफलता का आईना दिखाया जा सके।यदि इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी, तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मानगो नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे।

विधायक सरयू राय के खिलाफ भी नारेबाजी

प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय विधायक सरयू राय और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि जिस विधायक को उन्होंने उम्मीदों के साथ चुना था, आज वही उनके मुद्दों से सरोकार नहीं रख रहे हैं।

More From Author

पश्चिमी सिंहभूम: गोइलकेरा में हाथियों का खूनी तांडव; घर के बाहर खड़ी महिला को कुचला, मौके पर ही मौत

फेक न्यूज एक्सपोज: एमजीएम थाना प्रभारी का ‘डांस’ वाला वीडियो निकला फर्जी; भजन संध्या के वीडियो को गलत तरीके से किया गया वायरल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.