जमशेदपुर: सोशल मीडिया की दुनिया में किसी को बदनाम करने के लिए किस हद तक गिरकर ‘फेक न्यूज’ फैलाई जा सकती है, इसका ताजा उदाहरण जमशेदपुर में देखने को मिला है। एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि वे किसी अश्लील डांस कार्यक्रम में डांसर पर पैसे लुटा रहे हैं। लेकिन जब हमारी टीम ने इस वीडियो की बारीकी से तफ्तीश की, तो सच्चाई कुछ और ही निकली।
क्या है वायरल वीडियो की हकीकत?
पड़ताल में पता चला कि यह वीडियो किसी स्टेज डांस या बार बालाओं के कार्यक्रम का नहीं है। असल में यह वीडियो विगत दुर्गा पूजा 2025 के दौरान मानगो स्थित हिल व्यू कॉलोनी में आयोजित एक सांस्कृतिक ‘भजन संध्या’ का है।दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित इस भजन संध्या में एक नामी भजन गायिका भक्ति गीतों की प्रस्तुति दे रही थीं। गायिका के बेहतरीन और सुरीले भजन गायन से प्रभावित होकर और कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप, वहां मौजूद थाना प्रभारी सचिन कुमार ने प्रशंसा के तौर पर उन्हें प्रोत्साहन राशि भेंट की थी।
साजिश के तहत ‘क्रॉप’ किया गया वीडियो
दुष्प्रचार करने वालों ने बड़ी ही चालाकी से वीडियो की क्लिपिंग को इस तरह से काट-छांट कर वायरल किया है, जिससे यह प्रतीत हो कि वहां कोई डांसर मौजूद है। इस भ्रामक वीडियो का उद्देश्य केवल एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी की छवि को धूमिल करना और आम जनता के बीच उनकी साख को नुकसान पहुँचाना है।
पूजा कमेटी में भारी रोष: कानूनी कार्रवाई की तैयारी
इस दुष्प्रचार की जानकारी जैसे ही हिल व्यू कॉलोनी दुर्गा पूजा कमेटी को हुई, उनमें भारी आक्रोश देखा गया। कमेटी के अध्यक्ष श्याम सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा जिस प्रकार एक अच्छे और ईमानदार पुलिस अफसर को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, वह बेहद निंदनीय है। वह एक शुद्ध रूप से धार्मिक कार्यक्रम था। पूजा कमेटी इस भ्रामक वीडियो को फैलाने वालों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएगी और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त न्यायिक कार्रवाई की मांग करेगी।
सावधान रहें, फेक न्यूज न फैलाएं
आईटी एक्ट के तहत किसी भी भ्रामक जानकारी को बिना पुष्टि के साझा करना या किसी की छवि बिगाड़ना एक दंडनीय अपराध है। एमजीएम थाना प्रभारी से जुड़ा यह वायरल वीडियो पूरी तरह से निराधार और भ्रामक है।
