
आदित्यपुर: आजाद हिंद फौज के संस्थापक और महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित शेर-ए-पंजाब चौक पर अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने नेताजी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
त्याग और साहस की मिसाल हैं नेताजी: भुगलू सोरेन
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जेएमएम युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सह मेयर प्रत्याशी भुगलू सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन ने नेताजी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन केवल एक इतिहास नहीं, बल्कि देशभक्ति, त्याग और अदम्य साहस की जीती-जागती मिसाल है। उन्होंने देश की आजादी के लिए जिस वीरता का परिचय दिया, वह आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा स्रोत है।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नेताजी के राष्ट्रवादी विचारों को अपनाएं और एक सशक्त भारत के निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएं।
संकल्प और श्रद्धांजलि
समारोह के दौरान उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे नेताजी के बताए मार्ग पर चलेंगे और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए समर्पित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान ‘जय हिंद’ और ‘नेताजी अमर रहें’ के नारों से पूरा शेर-ए-पंजाब चौक गूँज उठा।
प्रमुख लोगों की उपस्थिति
इस गौरवपूर्ण अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से शेख हुसैन, बाबू तिवारी, अमित सिन्हा ,बोग वासी समाज से पी.के. नंदी,गुरमीत सिंह और दीपक कुमार सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदार, युवा और समाजसेवी भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच मिठाई बांटी गई और नेताजी के योगदान पर चर्चा की गई।
