
जमशेदपुर: ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ के अवसर पर रविवार को साकची स्थित रवीन्द्र भवन सभागार में जिलास्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और टीम भावना पर विशेष जोर दिया।
“घाटशिला उपचुनाव हमारी बड़ी उपलब्धि”
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में जिले ने कई चुनौतीपूर्ण चुनाव देखे हैं। विशेष रूप से घाटशिला उपचुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “पूरे राज्य में वह इकलौता चुनाव था और निर्वाचन आयोग की सीधी नजर हम पर थी। यह हमारी सामूहिक उपलब्धि है कि किसी भी प्रत्याशी या संगठन ने प्रक्रिया पर उंगली नहीं उठाई। सभी ने चुनाव परिणामों और प्रक्रिया को सहर्ष स्वीकार किया।”
बीएलओ सावित्री टुडू की मिसाल: शहरी क्षेत्रों की चुनौतियों पर चर्चा
उपायुक्त ने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले बीएलओ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में काम करना अधिक चुनौतीपूर्ण है क्योंकि वहां कई बार मतदाता सहयोग नहीं करते। इस दौरान उन्होंने बीएलओ सावित्री टुडू का उदाहरण दिया, जो 45 मिनट पैदल चलकर दुर्गम रास्तों के जरिए अपने बूथ तक पहुंचती हैं। उपायुक्त ने बताया कि राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भी सावित्री की कार्यक्षमता और उनकी ‘शत-प्रतिशत दुरुस्त’ वोटर लिस्ट की प्रशंसा कर चुके हैं।
अधिकारी और कर्मी हुए सम्मानित
बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को मंच पर सम्मानित किया गया। उपायुक्त के साथ डीडीसी नागेन्द्र पासवान और धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा ने प्रशस्ति पत्र और उपहार प्रदान किए। सम्मानित होने वालों में मुख्य रूप से उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह,विभिन्न ईआरओ , एईआरओ और सुपरवाइजर,उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ और चुनाव कोषांग के कर्मचारी शामिल रहे।
मतदाता शपथ और जागरूकता रैली
समारोह की शुरुआत में उपायुक्त ने सभी उपस्थित लोगों को निर्भीक और निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के समापन पर जागरूकता का संदेश देते हुए आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाए गए। इसके बाद उपायुक्त ने स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित करने निकली।
