
चक्रधरपुर/टुनिया: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत टुनिया स्टेशन के पास गुरुवार को हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस (20871) में तकनीकी खराबी के कारण धुएं का गुबार देखा गया। अप लाइन से गुजरते समय ट्रेन के एक कोच के नीचे से धुआं निकलता देख रेलकर्मियों और यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। हालांकि, रेल प्रशासन की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।
ब्रेक बाइंडिंग या बैटरी बॉक्स में खराबी की आशंका
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, धुएं का कारण ट्रेन के पहियों में ब्रेक बाइंडिंग , हॉट एक्सेल या कोच के नीचे लगे बैटरी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। धुएं की सूचना मिलते ही ट्रेन को रोककर तकनीकी जांच की गई। रेलवे के इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
सुरक्षा मानकों के तहत जांच, सभी यात्री सुरक्षित
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। धुआं दिखने के तुरंत बाद सुरक्षा मानकों के तहत प्रभावित कोच का गहन निरीक्षण किया गया। घटना के दौरान किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने के बाद ही ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
रेलवे ने दिए विस्तृत जांच के आदेश
चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार, इस तकनीकी खामी की विस्तृत जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेन में यह समस्या किस स्तर पर उत्पन्न हुई। तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद संबंधित विभाग पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
