
जमशेदपुर :मानगो नगर निगम के मेयर (महापौर) पद के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुँच गई है। गुरुवार को निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान बारीकी से की गई जांच में तीन अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र दोषपूर्ण पाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।
इन तीन अभ्यर्थियों का नामांकन हुआ रद्द
स्क्रूटनी के दौरान तकनीकी खामियों और दस्तावेजों की कमी के कारण निम्नलिखित प्रत्याशियों की दावेदारी समाप्त हो गई है:1. काकोली महतो2. शबाना बानो3. अनीता देवीइन तीन नामों के हटने के बाद अब मानगो मेयर पद की रेस में कुल 13 महिला प्रत्याशी आधिकारिक रूप से मैदान में बची हैं।
कल है नाम वापसी का आखिरी दिन
शुक्रवार (6 फरवरी) का दिन उम्मीदवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। निर्वाचन आयोग के शेड्यूल के अनुसार, कल नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। यदि कोई प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ना चाहती है या किसी दबाव/रणनीति के तहत हटना चाहती है, तो वह कल अपना नाम वापस ले सकती है।
शनिवार को अलॉट होंगे चुनाव चिन्ह
अगर शुक्रवार शाम तक कोई भी नाम वापस नहीं लिया जाता है, तो शनिवार को मैदान में डटीं सभी 13 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशी आधिकारिक रूप से अपना प्रचार अभियान तेज कर सकेंगी।
मैदान में बचीं 13 दिग्गजों पर टिकी नजरें
मेयर पद के लिए अब जो 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, उनमें एनडीए समर्थित संध्या सिंह, पूर्व मंत्री की पत्नी सुधा गुप्ता, डॉ. बिनीता सहाय और लक्खी सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। स्क्रूटनी के बाद चुनावी समीकरण और भी स्पष्ट हो गए हैं, जिससे अब सीधा और कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
