
रामगढ़: झारखंड में आगामी नगरपालिका चुनाव को शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के कड़े निर्देश पर उत्पाद विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी है।
इन इलाकों में चला प्रशासन का डंडा
उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जिले के कांकेबार, गोसा और रानी बागी क्षेत्रों में दबिश दी। इन इलाकों में चोरी-छिपे संचालित की जा रही अवैध शराब की भट्ठियों को पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने तहस-नहस कर दिया।
बड़ी खेप बरामद: 500 किलो जावा महुआ नष्ट
अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में प्रशासन को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शराब बनाने के लिए तैयार करीब 500 किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। छापेमारी के दौरान लगभग 40 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई है। अवैध रूप से चल रही कई शराब निर्माण इकाइयों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य पर केस दर्ज
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने कांकेबार निवासी राहुल कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
निकाय चुनाव को लेकर विशेष सतर्कता
रामगढ़ उपायुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब या किसी भी नशीले पदार्थ के अवैध वितरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति अवैध शराब के कारोबार में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ जिला बदर या सीसीए जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।
