
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर को झारखंड की औद्योगिक और वित्तीय राजधानी कहा जाता है, लेकिन वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान रखने वाला यह शहर आज भी एक नियमित व्यावसायिक एयरपोर्ट के लिए तरस रहा है। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए माननीय केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री के. राममोहन नायडू, मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन और टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ एवं एमडी श्री टी.वी. नरेन्द्रन को एक विस्तृत पत्र भेजा है।
“विकसित भारत” और “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” पर सवाल
श्री केडिया ने अपने पत्र में जमशेदपुर की 100 वर्षों से अधिक की ऐतिहासिक और आर्थिक महत्ता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश का प्रमुख स्टील हब होने के बावजूद व्यावसायिक एयरपोर्ट का न होना “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” की परिकल्पना के विपरीत है। वर्तमान में उद्योगपतियों, छात्रों और आम जनता को हवाई यात्रा के लिए रांची या कोलकाता जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। एयर कनेक्टिविटी की कमी से निवेश और वैश्विक व्यापारिक विस्तार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
धालभूमगढ़ प्रोजेक्ट: 6 साल से फाइलों में दबी आधारशिला
पत्र में वर्ष 2019 का जिक्र करते हुए बताया गया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास और केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का शिलान्यास किया था और राज्य सरकार के बीच एमओयू भी हुआ, लेकिन वन एवं पर्यावरण विभाग की आपत्तियों के कारण यह प्रोजेक्ट पिछले छह वर्षों से ठप पड़ा है।
सोनारी एयरपोर्ट: एक त्वरित और व्यावहारिक विकल्प
जब तक स्थायी एयरपोर्ट (धालभूमगढ़) की बाधाएं दूर नहीं होतीं, तब तक श्री केडिया ने एक वैकल्पिक समाधान सुझाया है।वर्तमान सोनारी एयरपोर्ट में मामूली तकनीकी सुधार कर तुरंत क्षेत्रीय हवाई सेवा शुरू की जा सकती है। यहाँ के रनवे से छोटे टर्बोप्रॉप विमान (जैसे HAL DO-228 के जरिए जमशेदपुर-कोलकाता और अन्य प्रमुख शहरों के लिए दैनिक उड़ानें संचालित की जा सकती हैं। टाटा स्टील और टाउन प्रशासन के सहयोग से रनवे के विस्तार की संभावनाओं को भी तलाशा जा सकता है।
हवाई सेवा से होने वाले लाभ
SCCI अध्यक्ष के अनुसार, नियमित हवाई सेवा शुरू होने से जमशेदपुर को बहुआयामी लाभ होंगे:
व्यापार और नए उद्योगों को बढ़ावा।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर।
सड़क सुरक्षा में सुधार (लंबी दूरी की सड़क यात्रा में कमी)।
सरकारी राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि।
जमशेदपुर जैसे महत्वपूर्ण शहर की यह मांग जायज है। हमें उम्मीद है कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेकर नागरिकों को राहत प्रदान करेंगे। मानव केडिया, अध्यक्ष, SCCI
