सरायकेला: निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए DC नितिश कुमार सिंह ने कसी कमर; मतदान केंद्रों पर सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर दिए कड़े निर्देश

Spread the love

सरायकेला: आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न कोषांगों की कार्यप्रगति का बारीकी से परीक्षण किया गया और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया गया।

मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास द्वारों की सुव्यवस्थित व्यवस्था हो। जिन केंद्रों पर महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है, वहां पर्याप्त संख्या में महिला मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।सभी मतदान केंद्रों पर ‘बल लेखन’ का कार्य 20 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए।

समन्वय और सुरक्षा पर जोर

डीसी ने सेक्टर दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र में निरंतर भ्रमण और निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी स्थिति से त्वरित निपटा जा सके। साथ ही, मतदान प्रक्रिया में व्यवधान डालने वाले तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए गए।

पोलिंग पार्टी और पार्किंग प्लान

पोलिंग पार्टियों के डिस्पैच और रिसीविंग प्लान की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने परिवहन व्यवस्था पर चर्चा की।पोलिंग कर्मियों के निजी दोपहिया वाहनों की पार्किंग एनआरआई स्कूल परिसर में होगी।निजी चारपहिया वाहनों की पार्किंग इंडोर स्टेडियम, सरायकेला में सुनिश्चित की जाएगी।जिला परिवहन पदाधिकारी को इन व्यवस्थाओं को समयपूर्व पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

निष्पक्षता और जवाबदेही सर्वोपरि

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गणना कार्य को लेकर भी राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयारी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मौजूद प्रमुख अधिकारी

इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

More From Author

टाटा ज़ू के कुनबे में बढ़े ‘बब्बर शेर’: हैदराबाद से पहुँची मनोहर और श्रीदेवी की जोड़ी, पर्यटकों में उत्साह

जमशेदपुर- लिव-इन रिलेशन संस्कृति का विरोध जरूरी: आनंद मार्ग प्रचारक संघ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.