गुड़ाबांधा में जंगली हाथी ने वृद्धा को पटक कर किया लहुलुहान, गंभीर हालत में बारीपादा रेफर

Spread the love

गुड़ाबांधा: मुसाबनी वन क्षेत्र के अंतर्गत गुड़ाबांधा प्रखंड में जंगली हाथी का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की सुबह बेनागाड़िया गांव में एक जंगली हाथी ने 68 वर्षीय वृद्धा चंपा हेंब्रम को पटक कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

शौच के लिए निकलते ही हुआ सामना

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। वृद्धा चंपा हेंब्रम अपने घर से बाहर शौच के लिए निकली थीं। इसी दौरान उनका सामना एक विशालकाय हाथी से हो गया। अचानक हाथी को सामने देख वृद्धा ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया और पटक दिया। इस हमले में वृद्धा का एक पैर बुरी तरह कुचल गया है और उन्हें शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।

वन विभाग ने दी तत्काल सहायता

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग की ओर से मानवीय आधार पर वृद्धा के इलाज के लिए उनके परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में हाथी की निगरानी कर रही है।

बारीपादा (ओडिशा) रेफर की गईं वृद्धा

परिजनों ने आनन-फानन में घायल वृद्धा को इलाज के लिए बहरागोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन वृद्धा की गंभीर स्थिति और पैर की चोट को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें ओडिशा के बारीपादा रेफर कर दिया है।

इलाके में दहशत का माहौल

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से इलाके में एक अकेला हाथी घूम रहा है। यह हाथी फसलों को नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ अब इंसानों पर भी हमलावर हो रहा है। बेनागाड़िया और आसपास के गांवों के लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को जल्द से जल्द सुरक्षित क्षेत्र में खदेड़ने की मांग की है।

More From Author

चक्रधरपुर के रोजेदार रेल कर्मियों के लिए 2 घंटे पहले छुट्टी की मांग, ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन

सावधान! शहद बेचने के बहाने घर में घुसकर चोरी की कोशिश; सुंदरनगर में भाई-बहन को लोगों ने दबोचा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.