
जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना अंतर्गत कैनाल रोड के पास गुरुवार को स्थानीय लोगों की सतर्कता से चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई। शहद बेचने के बहाने एक घर में दाखिल हुए दो संदिग्धों को गृहस्वामियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
शहद बेचने के बहाने बनाई सेंधमारी की योजना
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। ये दोनों शहद बेचने का झांसा देकर कैनाल के पास स्थित एक घर में घुसे थे। घर के सदस्यों को बातों में उलझाकर और मौका पाकर वे चोरी की नीयत से सामान खंगालने लगे। इसी बीच घर के लोगों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और उन्होंने शोर मचाते हुए दोनों को धर दबोचा।
नाम और पता बदलने में माहिर हैं आरोपी
स्थानीय लोगों के अनुसार, पकड़े जाने के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस और भीड़ को गुमराह करने की काफी कोशिश की।पूछताछ के दौरान उन्होंने बार-बार अपना पता बदला। पहले उन्होंने खुद को पटमदा का बताया, फिर आसनसोल और अंततः स्वीकार किया कि वे जादूगोड़ा के निवासी हैं।आरोपियों की पहचान जादूगोड़ा के ईचड़ा गांव निवासी राखाल नाथ सोए और शीतल के रूप में हुई है। रिश्ते में दोनों भाई-बहन बताए जा रहे हैं।
सुंदरनगर पुलिस कर रही है पूछताछ
घटना की सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस गिरोह का हाथ क्षेत्र में हुई पिछली अन्य चोरी की वारदातों में भी रहा है।
पुलिस की अपील
“किसी भी अनजान फेरीवाले या सामान बेचने वाले व्यक्ति को बिना पहचान पुख्ता किए घर के अंदर न आने दें। संदिग्ध स्थिति होने पर तुरंत नजदीकी थाना या पीसीआर को सूचित करें।”
