जमशेदपुर: जीण माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ साकची, 1501 महिलाओं ने किया महा मंगल पाठ

जमशेदपुर : लौहनगरी के साकची स्थित धालभूम क्लब मैदान में मंगलवार को श्री जीण माता परिवार जमशेदपुर द्वारा माता का 20वां भव्य वार्षिक महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वातानुकूलित पंडाल में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में झारखंड सहित पड़ोसी राज्यों से आए हजारों भक्तों ने हिस्सा लिया।

अखंड ज्योत और पूजा-अर्चना

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर में अखंड ज्योत प्रज्जवलन और विशेष पूजा के साथ हुआ।मुख्य पुजारी अमित शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार और ‘ओम आनंदमयी, चैतन्यमयी, सत्यमयी परमे’ के दिव्य मंत्र के साथ माता का आह्वान किया।यजमान के रूप में कुमुद-रमेश अग्रवाल और श्यामलता-अनिल अग्रवाल मौजूद रहे।

1501 महिलाओं का भव्य महा मंगल पाठ

महोत्सव का सबसे मुख्य आकर्षण महा मंगल पाठ रहा, जिसमें 1501 महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी परिधान और चुनरी ओढ़कर शामिल हुईं। सूरत से आईं प्रसिद्ध कलाकार सुरभि बिरजूका ने मंगल पाठ का वाचन किया।पाठ के दौरान जन्मोत्सव, चुनड़ी, गजरा, मेहंदी और बधाई उत्सव मनाया गया। “हरी-हरी मेहंदी रचे…” और “बांटो रे बांटो बधाई…” जैसे भजनों पर महिलाएं झूम उठीं।

भजनों की अमृत वर्षा: जयपुर के कलाकारों ने बांधा समां

संध्या 8 बजे से भजनों का कार्यक्रम शुरू हुआ, जो देर रात महाआरती के साथ संपन्न हुआ।स्थानीय कलाकार महावीर अग्रवाल ‘मुन्ना’ ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की।उसके बाद आमंत्रित कलाकार जयपुर के रविश सोनी, सोनम सोनी और मास्टर गुरु सोनी ने अपनी सुरीली आवाज से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “जीण भवानी मैया थारी याद सतावे” और “मेरा काम हुआ मैया के दरबार में” जैसे भजनों पर भक्त पूरी रात झूमते रहे।

आकर्षण का केंद्र: छप्पन भोग और भव्य दरबार

कोलकाता के कारीगरों द्वारा माता का अलौकिक दरबार सजाया गया था।कोलकाता के प्रताप शर्मा म्यूजिकल ग्रुप ने संगीत का साथ दिया।माता को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। लगभग 3000 से अधिक भक्तों ने माता का प्रसाद (भंडारा) ग्रहण किया।

प्रमुख अतिथि और योगदान

इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य व्यक्ति और समाजसेवी उपस्थित रहे जिसमे बतौर अतिथि रामकृष्ण चौधरी, ओम प्रकाश रिंगसिया, उमेश शाह, अरुण बांकरेवाल, राजेश मेंगोतिया समेत अन्य अतिथियों को संस्था द्वारा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।महोत्सव का सफल आयोजन मनीष खन्ना और आशीष खन्ना के संयोजन में हुआ। इसमें तुलसी खेमका, शंभू खन्ना, बजरंग अग्रवाल, विनोद खन्ना और जीण माता परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

More From Author

जमशेदपुर: भालूबासा के जम्बू अखाड़ा में रामनवमी का भव्य आयोजन, 48 घंटे का कीर्तन और भगवान बुद्ध की जीवंत झांकी होगी मुख्य आकर्षण

जमशेदपुर: सोनारी में सजेगा भगवा, 18 मार्च को निकलेगी भव्य ‘हिंदू नव वर्ष शोभा यात्रा’

Recent News