बहरागोड़ा: स्वर्णरेखा नदी में मिला द्वितीय विश्व युद्ध का तीसरा ‘जिंदा बम’; ग्रामीणों ने किनारे तक खींचा, पुलिस छावनी में तब्दील इलाका

बहरागोड़ा:बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा गांव स्थित स्वर्णरेखा नदी से बुधवार रात एक और संदिग्ध जिंदा बम बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह भी द्वितीय विश्व युद्ध के समय का है। घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से नदी के आसपास के क्षेत्र को प्रतिबंधित कर दिया है।

ग्रामीणों ने साहस दिखाकर नदी से बाहर निकाला

घटना बुधवार रात की है। पानीपाड़ा के कुछ ग्रामीण जब नदी की ओर टहलने गए थे, तभी उनकी नजर पानी में पड़े एक विशालकाय धातुई वस्तु पर पड़ी। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए उस संदिग्ध बम को पानी से घसीटकर नदी के किनारे तक पहुँचाया। बम के किनारे आने के बाद तुरंत बहरागोड़ा थाना को इसकी जानकारी दी गई।

एक महीने में तीसरी बार बरामदगी

स्वर्णरेखा नदी से बम मिलने का यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।17 मार्च को इसी गांव के पास पहला संदिग्ध बम मिला था।24 मार्च को द्वितीय विश्व युद्ध काल का एक अमेरिकी बम बरामद हुआ था, जिसे रांची से आई सेना की टीम ने काफी मशक्कत के बाद निष्क्रिय किया था।15 अप्रैल (बुधवार) को अब तीसरा बम मिलने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।ग्रामीणों का कहना है कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान इस क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां रही होंगी, जिसके कारण नदी की तलहटी में और भी बम दबे हो सकते हैं।

पुलिस ने संभाला मोर्चा: सेना को दी गई सूचना

सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने ग्रामीणों को सुरक्षा की दृष्टि से बम से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।बम के पास पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है ताकि कोई इसके साथ छेड़छाड़ न करे। थाना प्रभारी ने बताया कि बरामदगी की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। अब सेना की विशेषज्ञ टीम को रांची से बुलाया जाएगा, जो उच्च स्तरीय तकनीकी कौशल के साथ इसे निष्क्रिय करेगी।

More From Author

बारिडीह हाई स्कूल के छात्रों ने सीबीएसई 2025-26 बोर्ड परीक्षा में लहराया परचम ,95.8% अंक लाकर कुंदन बने टॉपर

जमशेदपुर में 19-20 अप्रैल को सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार: अमल संघ मैदान में होगा आयोजन, 41 बटुकों का पंजीकरण

Recent News